हिमालय प्रहरी

ई-रिक्शा और कार की आमने-सामने भिड़ंत में मासूम समेत एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, 10 घायल

खबर शेयर करें -
रुड़की (हरिद्वार)। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के तिथौला गांव में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया। अपनी बेटी का रिश्ता तय करने और शादी समारोह में शामिल होने लक्सर जा रहे एक ही परिवार के लोगों से भरे ई-रिक्शा को सामने से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ई-रिक्शा पलट गया और चीख-पुकार मच गई। हादसे में ई-रिक्शा सवार दो युवकों और एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि परिवार के 10 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बेटी का रिश्ता लेकर जा रहा था परिवार; आरोपी कार चालक वाहन छोड़ हुआ फरार
पुलिस के अनुसार, रुड़की सिविल लाइंस के ढंढेरा (मिलापनगर) निवासी अरशद (30), दिलशाद (30) और 5 वर्षीय मासूम उमर अपने 13 सदस्यीय परिवार के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर लक्सर जा रहे थे। तिथौला पेट्रोल पंप के पास हुए हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस ने सभी घायलों को सिविल अस्पताल रुड़की पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल खतीजा, रिहाना, अमरिया, इनायत, आयत और अरहम समेत 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मंगलौर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश की जा रही है।
Exit mobile version