
पंतनगर (ऊधम सिंह नगर)। गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय परिसर स्थित पंतनगर इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य पद का प्रभार वरिष्ठ प्रवक्ता के बजाय कनिष्ठ प्रवक्ता को सौंपे जाने का चार साल पुराना विवाद एक बार फिर तूल पकड़ गया है। कॉलेज की वरिष्ठ प्रवक्ता अम्बा दत्त जोशी की शिकायत पर मंडलीय अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) कुमाऊं मंडल के बाद अब मुख्य शिक्षा अधिकारी (CEO) ऊधम सिंह नगर ने कॉलेज प्रबंधन को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
पूर्व प्रधानाचार्य के रिटायरमेंट के बाद वरिष्ठता की अनदेखी का आरोप
वरिष्ठ प्रवक्ता अम्बा दत्त जोशी ने 21 जुलाई 2026 को मंडलीय अपर निदेशक को भेजे पत्र में बताया कि पूर्व प्रधानाचार्य की सेवानिवृत्ति के बाद वरिष्ठता क्रम में 31 जुलाई 2020 को उन्हें नियमानुसार प्रधानाचार्य का प्रभार सौंपा गया था। उनका आरोप है कि तत्कालीन प्रबंधन ने 16 जून 2022 को उनसे प्रभार वापस लेकर एक कनिष्ठ प्रवक्ता को सौंप दिया, जो विभागीय नियमों का सीधा उल्लंघन है। जोशी का यह भी आरोप है कि 29 अक्टूबर 2020 के शासनादेश के तहत डाउनग्रेड प्रधानाचार्य का प्रस्ताव मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजा गया था, जिसे लंबे समय से लंबित रखा गया है।
मंडलीय अपर निदेशक के बाद सीईओ हरेंद्र कुमार मिश्रा ने जारी किया नोटिस
अम्बा दत्त जोशी की शिकायत का संज्ञान लेते हुए मंडलीय अपर निदेशक (माध्यमिक शिक्षा) कुमाऊं मंडल ने 23 जुलाई को सीईओ ऊधम सिंह नगर को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके क्रम में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने 14 अगस्त को पंतनगर इंटर कॉलेज के प्रबंधक/प्रधानाचार्य को पत्र भेजकर उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा अधिनियम-2006, विनियम-2009 तथा संबंधित शासनादेशों के आलोक में तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
2021 से चल रहा है विवाद, मैनेजर ने साधी चुप्पी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंतनगर इंटर कॉलेज में वर्ष 2021 से ही प्रबंधन और प्रधानाचार्य प्रभार को लेकर खींचतान जारी रही है। शिक्षा विभाग के कड़े रुख के बाद कॉलेज में एक बार फिर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम और विभाग के नोटिस के संबंध में जब पंतनगर इंटर कॉलेज प्रबंधन सुधा अरोड़ा से फोन पर संपर्क किया गया, तो उन्होंने समय की कमी का हवाला देते हुए फोन काट दिया।