हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित दो नहरिया रोड पर सरेआम हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने और हुड़दंग मचाने वाले युवकों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। 14 अगस्त की शाम सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। उनके निर्देश पर कार्रवाई करते हुए हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो नाबालिगों को पुलिस संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
शराब के नशे में हुड़दंग, बिना नंबर प्लेट की बाइक और बुलेट सीज
पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि हुड़दंग मचा रहे युवकों में से एक शराब के अत्यधिक नशे में था, जिसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और शांति भंग करने के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। सीज की गई वाहनों में एक बिना नंबर प्लेट की बाइक शामिल है, जिसके कोई वैध दस्तावेज भी मौके पर पेश नहीं किए गए, जबकि दूसरी रॉयल एनफील्ड बुलेट (UK04AS-4102) थी।
सार्वजनिक शांति बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई: SSP
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि सड़कों पर दबंगई, हुड़दंग या राहगीरों को डराने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे किसी भी वीडियो, जिससे आम जनता की सुरक्षा, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, उस पर नैनीताल पुलिस तत्काल और सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें