राजू अनेजा, गढ़ीनेगी। नगर पंचायत गढ़ीनेगी के पहले अध्यक्ष पद के चुनाव में अब जातीय और सामाजिक समीकरण भी खुलकर सामने आने लगे हैं। मतदान की तारीख नजदीक आते ही भाजपा ने विभिन्न समाजों के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला के समर्थन में बड़ा ऐलान करते हुए ओबीसी वर्ग को साधने का प्रयास किया।
जनसंपर्क अभियान के दौरान मनोज पाल ने कहा कि यदि गढ़ीनेगी की जनता सचिन बाठला को नगर पंचायत का पहला चेयरमैन बनाती है तो समाज के गौरव महाराजा दक्ष प्रजापति के नाम पर क्षेत्र में एक भव्य द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही समाज की बैठकों और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक सभा भवन भी बनाया जाएगा।
सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान
मनोज पाल ने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका सम्मान की नीति पर काम करती है। समाज के महापुरुषों के सम्मान और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद गढ़ीनेगी के सुनियोजित विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत किया जाएगा।
विकास कार्यों को मिलेगी नई गति-सचिन
भाजपा प्रत्याशी सचिन बाठला लगातार डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर रहे हैं। वह क्षेत्र में पूर्व में कराए गए विकास कार्यों को अपनी उपलब्धि बताते हुए जनता से समर्थन मांग रहे हैं। भाजपा नेताओं का दावा है कि विकास, स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के मुद्दे पर जनता का समर्थन उन्हें मिल रहा है।
कमल खिलाने की अपील
जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि गढ़ीनेगी के उज्ज्वल भविष्य, विकास और समाज के सम्मान के लिए कमल के फूल के निशान पर मतदान करें तथा सचिन बाठला को भारी मतों से विजयी बनाएं।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें