हिमालय प्रहरी

लालकुआं में हाईवे पर हाथियों के झुंड का तांडव: बोलेरो कार से टकराया विशालकाय हाथी, कार क्षतिग्रस्त, चालक ने भागकर बचाई जान

खबर शेयर करें -
लालकुआं। लालकुआं-नगला बाईपास के बीच टांडा जंगल से निकले लगभग एक दर्जन हाथियों के झुंड ने मंगलवार रात हाईवे पर भारी दहशत फैला दी। रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ जाने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हाथियों का झुंड काफी देर तक सड़क पार कर सीमैप दवाई फार्म और टांडा जंगल के बीच आवाजाही करता रहा, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच रुद्रपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो कार अचानक सड़क पर मौजूद एक विशालकाय हाथी से टकरा गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि हाथी भी चोटिल होकर लंगड़ाते हुए वापस जंगल की ओर चला गया।
कार छोड़कर भागा चालक, 5 घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात
अचानक हुए इस हादसे और सामने विशालकाय हाथी को देख बोलेरो चालक बुरी तरह घबरा गया तथा अपनी क्षतिग्रस्त कार को हाईवे पर ही छोड़कर मौके से भाग खड़ा हुआ। हाथियों की मौजूदगी के कारण लगभग पांच घंटे तक हाईवे पर दहशत का माहौल बना रहा और वाहन चालक बेहद सावधानी से धीमी गति से गुजरते रहे। तड़के जब हाथियों का झुंड वापस जंगल में गहराई तक चला गया, तब चालक मौके पर लौटा और क्षतिग्रस्त कार को वहां से हटा सका। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों और राहगीरों में वन्यजीवों व इंसानों के बीच लगातार बढ़ रहे इस मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।
Exit mobile version