हिमालय प्रहरी

यहाँ रामलीला मंचन के दौरान बड़ा हादसा, खर बने कलाकार की गर्दन में लगी तलवार

खबर शेयर करें -

वस्त्रों में पैर उलझने से मंच पर गिरे अमित जोशी, गर्दन पर आए कई टांके; अस्पताल में भर्ती, हालत खतरे से बाहर

राजू अनेजा, खटीमा। श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर में चल रही रामलीला के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खर-दूषण और श्रीराम के बीच युद्ध के दृश्य का मंचन करते समय खर का अभिनय कर रहे कलाकार अमित जोशी हादसे का शिकार हो गए। अपने ही वस्त्रों में पैर उलझने से वह अचानक मंच पर गिर पड़े। इस दौरान उनके हाथ में मौजूद तलवार गर्दन पर जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

युद्ध के दृश्य के बीच मची अफरा-तफरी

रामलीला में युद्ध के प्रसंग का मंचन चल रहा था। इसी दौरान अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद आयोजकों और अन्य कलाकारों में हड़कंप मच गया। घायल अमित जोशी को बिना देरी किए उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी गर्दन पर दो से तीन टांके लगाए।

निजी अस्पताल में भी कराया गया उपचार

प्राथमिक उपचार के बाद घायल कलाकार को निजी अस्पताल में भी दिखाया गया। बताया जा रहा है कि अमित जोशी अभी अस्पताल में भर्ती हैं। राहत की बात यह है कि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रामलीला जैसे धार्मिक आयोजनों में मंच पर कलाकारों की सुरक्षा कितनी जरूरी है, यह हादसा एक बार फिर इसकी याद दिलाता है। फिलहाल घायल कलाकार के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

Exit mobile version