हिमालय प्रहरी

पत्नी की हत्या के इरादे से तमंचा लेकर घूम रहा युवक गिरफ्तार; 315 बोर का तमंचा और बाइक बरामद

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। पत्नी से चल रहे आपसी विवाद के बीच उसकी हत्या करने की नीयत से अवैध तमंचा लेकर घूम रहे एक शख्स को कनखल कोतवाली पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी निर्माणाधीन नए फ्लाईओवर के पास बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर संदिग्ध स्थिति में खड़ा था। पुलिस को देखते ही उसने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह अपनी पत्नी की हत्या करने की नीयत से ही तमंचा लेकर जा रहा था।

‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय की ओर से अपराधियों व अवैध असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कनखल पुलिस की टीम जियापोता-जमालपुर रोड पर बन रहे नए फ्लाईओवर के पास सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर बैठा दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने जब संदेह होने पर उससे पूछताछ करनी चाही, तो उसने बाइक स्टार्ट कर मौके से रफूचक्कर होने की कोशिश की, जिसे पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया।

गाजियाबाद का रहने वाला है आरोपी; पत्नी से चल रहा था विवाद

पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णवीर उर्फ बिट्टू पुत्र गजेंद्र सिंह, निवासी खंजरपुर, मोदीनगर (जिला गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका अपनी पत्नी से काफी समय से विवाद चल रहा है। उसकी पत्नी वर्तमान में हरिद्वार के जगजीतपुर क्षेत्र में रहती है। वह उससे मिलने के बहाने जा रहा था और विवाद के चलते उसने तमंचे से उसकी हत्या करने की योजना बनाई थी।

आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, भेजा गया जेल

कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और बिना नंबर की बाइक को जब्त कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Exit mobile version