हिमालय प्रहरी

किडनी की बीमारी से परेशान युवक ने गंगनहर में लगाई छलांग; भाई के साथ एम्स ऋषिकेश जाते समय हुआ हादसा

खबर शेयर करें -

पिरान कलियर: उत्तर प्रदेश के कासगंज निवासी एक युवक ने सोमवार सुबह पिरान कलियर क्षेत्र में गंगनहर में छलांग लगा दी। युवक लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था और घटना के वक्त अपने भाई के साथ इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स (AIIMS) जा रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कलियर पुलिस और जल पुलिस की टीम ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।

दवाई लेने जा रहा था एम्स, बहाने से रुकवाई कार

पुलिस के अनुसार, कासगंज (अलीगढ़) निवासी हेम सिंह (32) पिछले काफी समय से किडनी की बीमारी से ग्रस्त था और उसका मानसिक स्वास्थ्य भी प्रभावित था। सोमवार को वह अपने भाई ओम शंकर के साथ कार से दवा लेने ऋषिकेश जा रहा था। जब उनकी कार गंगनहर पटरी पर निर्माणाधीन पुल के पास पहुंची, तो हेम सिंह ने पेशाब करने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई। भाई ने जैसे ही कार रोकी, हेम सिंह बाहर उतरा और पलक झपकते ही गंगनहर की तेज धारा में कूद गया।

भाई की आंखों के सामने ओझल हुआ युवक

हेम सिंह को अचानक नहर में कूदता देख उसके भाई ओम शंकर के होश उड़ गए। उसने शोर मचाते हुए उसे बचाने की कोशिश की और आसपास के लोगों से मदद मांगी, लेकिन गंगनहर का बहाव इतना तेज था कि हेम सिंह चंद सेकेंडों में आंखों से ओझल हो गया। घटना के बाद से ओम शंकर का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और जल पुलिस के गोताखोरों को मौके पर भेजा गया। फिलहाल गंगनहर के किनारों और गहराई में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। युवक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि क्या युवक ने बीमारी से परेशान होकर यह आत्मघाती कदम उठाया है।

Exit mobile version