हिमालय प्रहरी

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के समर्थन में आए अभिनेता हेमंत पांडे; कहा— ‘बहन चिंता मत करो, पूरा उत्तराखंड तुम्हारे साथ है’

खबर शेयर करें -
देहरादून। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या द्वारा अपने पति गिरधारी लाल साहू पर कथित दुर्व्यवहार और उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद से यह मामला गर्मा गया है। इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेता हेमंत पांडे खुलकर मंत्री रेखा आर्या के समर्थन में आ गए हैं। सोशल मीडिया के जरिए अपनी भावुक और मुखर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता ने इस मामले की कड़ी निंदा की है और इसे पूरे प्रदेश की नारी शक्ति का अपमान बताया है।

“महिला मंत्री का उत्पीड़न पूरी नारी शक्ति का अपमान”

हेमंत पांडे ने सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि जब उन्होंने रेखा आर्या का रोते हुए वीडियो देखा, तो एक भाई और उत्तराखंडी होने के नाते उनका दिल पसीज गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक महिला मंत्री का उत्पीड़न केवल उनका व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि यह देवभूमि की हर बहन और नारी शक्ति का अपमान है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मंत्री को ढांढस बंधाते हुए कहा, “बहन, तुम बिल्कुल चिंता मत करो। पूरा उत्तराखंड आज तुम्हारे मान-सम्मान की रक्षा के लिए चट्टान की तरह तुम्हारे साथ खड़ा है।”

पीएम मोदी और गृह शाह से की सख्त कार्रवाई की मांग

अभिनेता ने इस विवाद को बेहद गंभीर और राजनीति से प्रेरित करार दिया है। उन्होंने देश के शीर्ष नेतृत्व से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की अपील की है। हेमंत पांडे ने कहा, “हम देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं कि इस पूरे मामले को तुरंत संज्ञान में लें। जो लोग भी हमारी बहन के साथ इस तरह का अमर्यादित व्यवहार कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।”

दलगत राजनीति से ऊपर उठकर बेटी-बहनों के सम्मान की बात

अपने बयान के अंत में हेमंत पांडे ने दलगत राजनीति से ऊपर उठने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल और विचारधाराएं अपनी जगह अलग हैं, लेकिन जब बात उत्तराखंड की किसी बेटी या बहन के मान-सम्मान और मर्यादा की आती है, तो पूरा प्रदेश एकजुट हो जाता है। उन्होंने एक बार फिर भरोसा दिलाया कि विपरीत परिस्थितियों में पूरा उत्तराखंड परिवार उनके साथ खड़ा है।
Exit mobile version