हिमालय प्रहरी

नैनीताल में ‘फर्जी होम स्टे कारोबार’ पर प्रशासन का सबसे बड़ा प्रहार ! 197 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,नैनीताल। होम स्टे की आड़ में चल रहे अवैध कारोबार पर प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए पर्यटन कारोबार में हड़कंप मचा दिया है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद रविवार 11 मई 2026 को पूरे जनपद में एक साथ चला मेगा निरीक्षण अभियान कई चौंकाने वाले खुलासे कर गया। उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों की संयुक्त टीमों ने जिलेभर में संचालित हो रहे 197 होम स्टे, गेस्ट हाउस और होटल का औचक निरीक्षण किया, जिनमें से 169 प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

प्रशासनिक जांच में खुलासा हुआ कि 44 होम स्टे बिना किसी पंजीकरण के खुलेआम संचालित किए जा रहे थे, जबकि 125 होम स्टे सरकार की निर्धारित नियमावली और मानकों की धज्जियां उड़ाते मिले। कई जगह होम स्टे के नाम पर बाकायदा व्यावसायिक होटल कारोबार चलाया जा रहा था। सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि कई प्रतिष्ठान बाहरी राज्यों के लोगों द्वारा संचालित किए जा रहे थे, जबकि राज्य सरकार की होम स्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय निवासियों को स्वरोजगार देना, पहाड़ी संस्कृति को बढ़ावा देना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई संचालक घरेलू बिजली और पानी के कनेक्शन का व्यवसायिक उपयोग कर रहे थे। इतना ही नहीं, कई जगह जीएसटी का भुगतान तक नहीं किया जा रहा था, जिससे राज्य सरकार को भारी राजस्व हानि पहुंच रही थी। प्रशासन को आशंका है कि लंबे समय से बड़े स्तर पर टैक्स चोरी और नियमों का दुरुपयोग किया जा रहा था।

जांच में सामने आईं बड़ी गड़बड़ियां

निरीक्षण के दौरान कई होम स्टे में बुनियादी नियमों तक का पालन नहीं मिला। अधिकांश जगहों पर पार्किंग व्यवस्था मानकों के अनुरूप नहीं थी। कई प्रतिष्ठानों में होम स्टे स्वामी स्वयं निवासरत नहीं पाए गए, जबकि नियमों के अनुसार मालिक का उसी परिसर में रहना अनिवार्य है। कई जगह मालिक का अपना किचन तक नहीं मिला और पर्यटकों को बाहरी स्रोतों से भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था।
कुछ मामलों में यह भी सामने आया कि होम स्टे को लीज पर देकर दूसरे लोगों के माध्यम से संचालित कराया जा रहा था। अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के संचालन से होम स्टे की मूल अवधारणा पूरी तरह खत्म हो रही है और इसे व्यवसायिक होटल मॉडल में बदला जा रहा है।

सबसे ज्यादा अनियमितताएं इन क्षेत्रों में मिलीं

Ramnagar में 59 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 58 में गंभीर अनियमितताएं मिलीं।
Nainital क्षेत्र में 55 में से 46 होम स्टे नियमों के खिलाफ संचालित पाए गए।
Kaladhungi में जांचे गए सभी 13 होम स्टे मानकों के विपरीत मिले।
Haldwani और Lalkuan क्षेत्र में सभी 6 प्रतिष्ठान अवैध पाए गए।
Kainchi Dham क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर नियमों की अनदेखी सामने आई।
Dhari क्षेत्र में भी कई होम स्टे निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।

 

एडीएम विवेक राय ने दिया सख्त संदेश

अपर जिलाधिकारी Vivek Rai ने कहा कि सरकार की होम स्टे योजना स्थानीय युवाओं और परिवारों को रोजगार देने के उद्देश्य से बनाई गई थी, लेकिन कुछ लोगों ने इसका गलत फायदा उठाकर इसे व्यवसायिक धंधे में बदल दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नियमों के विरुद्ध संचालित किसी भी होम स्टे को बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि “जो भी प्रतिष्ठान बिना पंजीकरण, टैक्स चोरी या नियमों के उल्लंघन में संचालित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार को राजस्व क्षति पहुंचाने वालों और पर्यटन व्यवस्था को खराब करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।”

 

अब होगी बड़ी कार्रवाई

 

प्रशासन ने सभी संदिग्ध और अवैध होम स्टे संचालकों को नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू कर दी है। संबंधित संचालकों से जवाब मांगा जाएगा और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पंजीकरण निरस्त करने, सीलिंग, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नैनीताल में प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई के बाद होटल और होम स्टे कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जिलेभर में इस तरह के और भी बड़े अभियान चलाए जा सकते हैं।

Exit mobile version