
थलीसैंण/देहरादून। पौड़ी गढ़वाल जिले के थलीसैंण ब्लॉक अंतर्गत मरोड़ा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पैसों के विवाद में एक बेटे ने अपने पूर्व फौजी पिता को जहरीला पदार्थ (कीटनाशक) पिलाने के बाद खुद भी जहर गटक लिया। इस दुखद घटना में पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई है। वहीं, दूसरी ओर देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में पारिवारिक कलह और पत्नी के छोड़कर जाने से आहत एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों घटनाओं से संबंधित क्षेत्रों में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पैसों को लेकर होता था विवाद, पकड़े जाने के डर से बेटे ने भी पिया जहर
थाना थलीसैंण के प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नेगी के अनुसार, मरोड़ा गांव में बुधवार देर रात यह खौफनाक घटना घटी। गांव निवासी बिगारी सिंह (53 वर्ष) का अपने पिता बख्तावर सिंह (85 वर्ष) के साथ अक्सर पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद होता रहता था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बुधवार रात कहासुनी के बाद बिगारी सिंह ने अपने वृद्ध पिता बख्तावर सिंह को जबरन कीटनाशक पिला दिया। इसके बाद पकड़े जाने और परिणाम के डर से घबराकर उसने खुद भी वही जहरीला पदार्थ पी लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, पुलिस ने कब्जे में ली कीटनाशक की शीशी
जहर का असर होने पर बख्तावर सिंह ने घर पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बिगारी सिंह की हालत बिगड़ने पर ग्रामीण उसे तत्काल थलीसैंण अस्पताल ले गए। थलीसैंण अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रवि सैनी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगारी सिंह की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना में प्रयुक्त कीटनाशक की शीशी और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में ले लिया है। मृतक बख्तावर सिंह सेना से सेवानिवृत्त थे और उनकी पत्नी का एक वर्ष पूर्व निधन हो चुका था, जबकि बिगारी सिंह खेती-बाड़ी व मजदूरी करता था। मृतक के बेटे मोहन सिंह ने भी पुलिस पूछताछ में पिता और दादा के बीच पैसों को लेकर अक्सर विवाद होने की बात स्वीकार की है।
देहरादून में पारिवारिक कलह के चलते दो बच्चों के पिता ने की खुदकुशी
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर स्थित संस्कृति लोक कॉलोनी (जोड़ी बस्ती) में भी गुरुवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहाँ मोहम्मद नवाज नामक युवक ने अपने कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक कलह के कारण कुछ समय पहले नवाज की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद से वह गहरे तनाव और अकेलेपन में जी रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक तनाव के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।