
हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत वाटिका एंक्लेव स्थित एक जाने-माने बिजनेसमैन की कोठी में रह रही 16 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। किशोरी की यह खौफनाक कदम उठाने की वजह उसके 25 वर्षीय प्रेमी की आत्महत्या बताई जा रही है। रविवार को प्रेमी की मौत की खबर मिलने के बाद से ही किशोरी गहरे सदमे में थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
निर्माणाधीन मकान में लटका मिला था राजमिस्त्री का शव
पुलिस जांच के अनुसार, मूल रूप से रामपुर (यूपी) निवासी विकास (25 वर्ष) हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में अपने चचेरे भाई के साथ किराए पर रहता था और शहर में राजमिस्त्री का काम करता था। शनिवार दोपहर वह अचानक कमरे से गायब हो गया। देर शाम भगवानपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में उसका शव फंदे से लटका मिला। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ था और शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
प्रेमी की मौत की खबर सुनते ही सदमे में आई किशोरी
विकास का काठगोदाम क्षेत्र में रहने वाली 16 वर्षीय प्रियांशी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। प्रियांशी का परिवार मूल रूप से पीलीभीत (यूपी) का रहने वाला है और उसकी मां वाटिका एंक्लेव स्थित बिजनेसमैन की कोठी की देखभाल का काम करती है। सोमवार को जैसे ही प्रियांशी को प्रेमी विकास की आत्महत्या की सूचना मिली, वह गहरे मानसिक तनाव में चली गई।
सोमवार शाम को जब परिवार के लोग काम में व्यस्त थे, तब प्रियांशी ने कोठी के एक कमरे में पंखे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी।
पुलिस ने शुरू की मामले की छानबीन
घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग में तनाव और सदमे के कारण आत्महत्या का नजर आ रहा है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच जारी है।