चमोली। भारतीय वायुसेना में तैनात सार्जेंट आशीष जुयाल का दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल में इलाज के दौरान आकस्मिक निधन हो गया। बीती मंगलवार देर शाम अंतिम सांस लेने वाले 36 वर्षीय सार्जेंट आशीष जुयाल (पुत्र स्वर्गीय शंभू प्रसाद जुयाल) चमोली जिले के देवाल विकासखंड अंतर्गत कोठी गांव के रहने वाले थे। वायुसेना का दल जब सार्जेंट जुयाल के पार्थिव शरीर को लेकर उनके पैतृक गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अंतिम दर्शनों के बाद पार्थिव शरीर को पिंडर नदी के तट स्थित पैतृक श्मशान घाट ले जाया गया, जहां वायुसेना की टुकड़ी ने उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर देकर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी।
तीन बहनों के इकलौते भाई थे आशीष, ‘अमर रहें’ के नारों से गूंजा पिंडर घाट; जनप्रतिनिधियों ने दी श्रद्धांजलि
सार्जेंट आशीष जुयाल तीन बहनों के इकलौते भाई थे और अपने पीछे मां, पत्नी तथा एक मासूम बेटी को रोता-बिलखता छोड़ गए हैं। अंतिम यात्रा में ‘आशीष अमर रहें’ के गगनभेदी नारों के साथ सैकड़ों ग्रामीण व क्षेत्रवासी शामिल हुए। थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी, पूर्व प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट, नंदा बल्लभ जुयाल और पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी सहित तमाम जनप्रतिनिधियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इसके बाद पिंडर नदी तट पर वायुसेना के जवानों की अंतिम सलामी के बीच परिजनों ने उन्हें मुखाग्नि दी।