
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के बाद नैनीताल जिले में 7 सितंबर (सोमवार) को अतिवृष्टि और भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा से नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। मौसम के इस विकराल रुख को देखते हुए जिलाधिकारी व अध्यक्ष जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल, ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर सोमवार, 7 सितंबर को जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12वीं तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ के लिए भी लागू रहेगा। हालांकि, यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों और बोर्डिंग स्कूलों पर प्रभावी नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में इस आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के कड़े निर्देश दिए हैं तथा चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें