भीमताल (20 अप्रैल 2026): भीमताल क्षेत्र में एक युवक द्वारा कथित तौर पर पहचान छिपाकर युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने और उनका शोषण करने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज व्यापारियों ने आज पूर्णतः बाजार बंद रखा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
क्या है पूरा मामला?
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि समुदाय विशेष के एक युवक ने अपना नाम बदलकर हिंदू लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाया। आरोप है कि उसने युवतियों के साथ न केवल धोखाधड़ी और शारीरिक शोषण किया, बल्कि पहचान छिपाकर उनका आर्थिक शोषण भी किया।
भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर दी जा चुकी है, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण जनता में भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
अतिक्रमण की भी हुई जांच
मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर के निर्माण पर भी सवाल उठाए। शिकायतों के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर आरोपी के मकान की भूमि की पैमाइश की। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह मकान सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके बनाया गया है, जिसे तत्काल ध्वस्त करने की मांग की जा रही है।
पुलिस की विवशता: एफआईआर के लिए तैयार नहीं पीड़िता
इस पूरे संवेदनशील मामले में पुलिस के सामने एक बड़ी कानूनी अड़चन सामने आई है। क्षेत्राधिकारी (CO) अंजना नेगी ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में पीड़िता से वार्ता की है, लेकिन वह कानूनी कार्रवाई के पक्ष में नहीं है।
सीओ अंजना नेगी का बयान:
“हमने पीड़िता से बात कर यह जानने का प्रयास किया कि वह क्या कार्रवाई चाहती है, लेकिन अपने निजी कारणों के चलते पीड़िता फिलहाल इसे अपराध के तौर पर प्रदर्शित नहीं करना चाहती और एफआईआर (FIR) दर्ज कराने से मना कर रही है। जब तक औपचारिक मुकदमा दर्ज नहीं होता, तब तक पुलिस के लिए कोई भी लीगल एक्शन लेना मुश्किल है। हालांकि, आरोपी को ट्रेस करने के प्रयास जारी हैं।”
क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति
सोमवार को भीमताल बाजार पूरी तरह बंद रहा और व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि न्याय नहीं मिला तो वे अनिश्चितकालीन बंदी की ओर बढ़ सकते हैं। वर्तमान में पुलिस बल मौके पर तैनात है और स्थिति पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
