हिमालय प्रहरी

लालकुआं: रील बनाने पर भाई की डांट से क्षुब्ध 14 वर्षीय किशोरी ने लगाई फांसी, दर्दनाक मौत से परिवार में कोहराम

खबर शेयर करें -
लालकुआं। उत्तराखंड के लालकुआं क्षेत्र से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर लगातार रील बनाने को लेकर बड़े भाई द्वारा दी गई फटकार से आहत 14 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी। इस असमय और दर्दनाक घटना से जहां एक ओर पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

वीआईपी गेट स्थित वर्मा कॉलोनी की है घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालकुआं नगर से सटी वीआईपी गेट स्थित वर्मा कॉलोनी निवासी स्वर्गीय संजय सक्सेना की 14 वर्षीय पुत्री राखी सक्सेना बिंदुखत्ता के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ की मेधावी छात्रा थी। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार रील बनाने की आदत को लेकर उसके 16 वर्षीय बड़े भाई ने उसे डांट लगाई थी। भाई की इसी फटकार से क्षुब्ध होकर किशोरी ने आवेश में आकर अपने कमरे के पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों के होश उड़ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में किशोरी को चिकित्सकीय परीक्षण एवं उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

संघर्षों के बीच जी रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका की मां ममता सक्सेना सिडकुल की एक कंपनी में मजदूरी कर अपने तीन बच्चों का भरण-पोषण कर रही हैं। यह परिवार पहले ही अपने पिता (संजय सक्सेना) के साए को खोने का गहरा गम झेल रहा था, ऐसे में घर की लाडली बेटी की इस तरह अचानक हुई मौत ने मां और परिवार के अन्य सदस्यों को अंदर से तोड़कर रख दिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हृदय विदारक घटना ने एक बार फिर समाज और अभिभावकों के सामने यह सवाल खड़ा कर दिया है किशोरावस्था के बच्चों के प्रति किस प्रकार संवेदनशील और संवादशील व्यवहार रखा जाए, तथा डिजिटल मीडिया एवं रीलों के अत्यधिक इस्तेमाल पर बच्चों की काउंसलिंग कैसे की जाए।
Exit mobile version