हिमालय प्रहरी

जवाहर नवोदय विद्यालय में NCC गर्ल्स कैडेट्स का वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू, सैन्य हुनर के साथ सीख रहीं जीवन कौशल

खबर शेयर करें -

ताड़ीखेत/अल्मोड़ा: पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में 20 मई से 29 मई 2026 तक चलने वाले 24 यूके गर्ल्स बटालियन के दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शानदार आगाज हो गया है। इस भव्य शिविर का औपचारिक उद्घाटन बटालियन की कमान अधिकारी कर्नल पी.वी. कुलकर्णी के प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ हुआ, जिन्होंने गर्ल्स कैडेट्स को दिए जाने वाले प्रशिक्षण और उसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी। इस दस दिवसीय कैंप के दौरान कैडेट्स को न केवल अनुशासित ड्रिल, बल्कि बदलते दौर के अनुरूप अत्याधुनिक ड्रोन प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, राइफल हैंडलिंग और लाइव फायरिंग जैसी सैन्य विधाओं का कड़ा व्यावहारिक अभ्यास कराया जा रहा है, ताकि उनमें राष्ट्र रक्षा और नेतृत्व की भावना सुदृढ़ हो सके।

सैन्य विधाओं के साथ-साथ कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए शिविर में विभिन्न बौद्धिक और व्यावहारिक सत्रों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में मिलिट्री हॉस्पिटल की काउंसलर डॉ. देविका द्वारा गर्ल्स कैडेट्स को मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक विशेष व्याख्यान दिया गया। इसके अलावा, पंजाब नेशनल बैंक के शाखा प्रबंधक श्री रोहित कुमार ने आज के डिजिटल युग में बेहद जरूरी वित्तीय साक्षरता (फाइनेंस लिटरेसी) और साइबर सुरक्षा पर महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। खेल के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ी श्रीमती मोनिका कांडपाल ने भी कैंप में शिरकत की और छात्राओं को कबड्डी खेल की बारीकियों व मैदान पर जीत हासिल करने के गुर सिखाए।

इस वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का एक मुख्य आकर्षण कुमाऊं रेजीमेंट ट्रेनिंग सेंटर (KRTC) का शैक्षणिक भ्रमण भी रहा, जहां कैडेट्स ने भारतीय सेना के गौरवशाली इतिहास और अदम्य साहस को नजदीक से महसूस किया। इसके साथ ही शिविर में नियमित योग प्रशिक्षण के अलावा निबंध, वाद-विवाद, क्विज और पैनल डिस्कशन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर कैडेट्स की प्रतिभा को निखारा जा रहा है। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में ट्रेनिंग जेसीओ ऑनरी लेफ्टिनेंट दीपेंद्र सिंह, एडम एसएम देवेंद्र सिंह, बीएचएम कुलविंदर सिंह, कैंप मेडिकल इंचार्ज आदर्श एस, एएनओ लेफ्टिनेंट ज्योति टम्टा, कैप्टन मनीष सक्सेना, थर्ड ऑफिसर शैलजा श्रीवास्तव और केयर टेकर ज्योति सहित विभिन्न विद्यालयों से आईं सैकड़ों ऊर्जावान गर्ल्स कैडेट्स मुख्य रूप से प्रतिभाग कर रही हैं।

Exit mobile version