विकासनगर (देहरादून)। कालसी तहसील के अंतर्गत सहिया-समाल्टा मोटर मार्ग पर मंगलवार (29 सितंबर) को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। समाल्टा की तरफ से सहिया की ओर आ रहा सेना का एक ट्रक ढलान पर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। बेकाबू ट्रक मोड़ पर संभल नहीं सका और उसने सामने खड़ी एक यूटिलिटी को जोरदार टक्कर मारते हुए सड़क किनारे दुकान के पास बैठी चार महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में यूटिलिटी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने दिखाया साहस; सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद 3 महिलाएं हायर सेंटर रेफर
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायल महिलाओं को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया। सीएचसी की चिकित्साधिकारी डॉ. हुमा परवीन ने बताया कि चारों महिलाओं को प्राथमिक उपचार दिया गया। घायलों में असाड़ी देवी (65 वर्ष), सीमा देवी (45 वर्ष), शिखा (18 वर्ष) और ढेकूटी देवी (60 वर्ष) शामिल हैं। इनमें से तीन महिलाओं की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
पुलिस ने कब्जे में लिया सेना का वाहन; जांच जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायलों का हालचाल जानकर घटना की जानकारी जुटाई। सहिया चौकी प्रभारी संदीप पंवार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त सेना के वाहन को पुलिस चौकी में खड़ा करवा दिया गया है। परिजनों व पीड़ितों की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त होते ही मामले में आगे की कानूनी व वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।