
राजू अनेजा, काशीपुर।गढ़ीनेगी नगर पंचायत चुनाव में सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। 9 जून को होने वाले मतदान से पहले चुनावी रण पूरी तरह दिलचस्प हो गया है। एक ओर भाजपा अधिकृत प्रत्याशी Sachin Bathla मैदान में हैं, तो दूसरी ओर निर्दलीय प्रत्याशी भी पूरी ताकत के साथ चुनावी जंग में डटे हुए हैं।
इसी बीच चुनावी समीकरणों को धार देने के लिए काशीपुर के मेयर Deepak Bali ने कमान संभाल ली है। उन्होंने गढ़ीनेगी के विभिन्न वार्डों में ताबड़तोड़ जनसंपर्क और रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में माहौल बनाने की कोशिश तेज कर दी है।
विकास के मुद्दे पर मांगा समर्थन
वार्ड नंबर 3 गोविंदपुरम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दीपक बाली ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास की रफ्तार तेज हुई है और अब उसी विकास मॉडल को गढ़ीनेगी में भी लागू करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए ऐसा नेतृत्व जरूरी है जो सरकार से सीधे समन्वय बनाकर काम कर सके।
मतदाताओं से किया आह्वान
दीपक बाली ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि गढ़ीनेगी के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना आवश्यक है, ताकि क्षेत्र को योजनाओं और बजट का पूरा लाभ मिल सके।
माहौल भाजपा के पक्ष में होने का दावा
सभा के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद मातृशक्ति, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी ने माहौल को और अधिक चुनावी बना दिया। भाजपा खेमे का दावा है कि जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर उनके साथ मजबूती से खड़ी दिखाई दे रही है।