हिमालय प्रहरी

हरिद्वार: सप्तऋषि घाट पर परिजनों संग स्नान कर रहे ऑस्ट्रेलिया निवासी NRI की गंगा में डूबने से मौत, कनखल से बरामद हुआ शव

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के नगर कोतवाली अंतर्गत सप्तऋषि क्षेत्र में परिजनों के साथ गंगा स्नान करने पहुंचे ऑस्ट्रेलिया निवासी एक एनआरआई (नॉन रेजिडेंट इंडियन) की गंगा नदी में डूबने से बेहद दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार दोपहर ठोकर नंबर 16 के पास स्नान के दौरान वह तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आकर लापता हो गए थे। सूचना पर पहुंची जल पुलिस ने करीब चार घंटे तक चलाए गए सघन खोज एवं बचाव (सर्च) अभियान के बाद शाम को कनखल क्षेत्र से उनका शव बरामद कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया से परिवार संग हरिद्वार पहुंचे थे वास्तव मूर्ति

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 31 वर्षीय वास्तव मूर्ति के रूप में हुई है, जो ऑस्ट्रेलिया में स्थाई रूप से निवास करते थे। वह अपनी पत्नी, सास और ससुर समेत परिवार के सात सदस्यों के साथ हरिद्वार दर्शन व गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे।
मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे सभी परिजन सप्तऋषि चौकी क्षेत्र स्थित ठोकर नंबर 16 के पास गंगा घाट पर स्नान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि वास्तव मूर्ति को तैरना आता था, जिसके चलते वह स्नान करते हुए गंगा के बीच गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान अचानक पानी का गहराई और तेज बहाव के कारण वह अनियंत्रित होकर डूबने लगे और देखते ही देखते ओझल हो गए।

परिजनों की चीख-पुकार के बाद जल पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

आंखों के सामने अपने स्वजन को गंगा के तेज बहाव में डूबता देख घाट पर मौजूद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सप्तऋषि चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जल पुलिस की टीम को राहत एवं बचाव कार्य में लगाया।
जल पुलिस के गोताखोरों ने घटनास्थल के आसपास कई घंटों तक गंगा की धाराओं में खोजबीन की। आखिरकार करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 5:00 बजे पुलिस टीम ने कनखल क्षेत्र के पास से वास्तव मूर्ति का शव नदी से बाहर निकाला।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए सप्तऋषि चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार ने बताया:
“ऑस्ट्रेलिया निवासी एनआरआई वास्तव मूर्ति मंगलवार को परिजनों के साथ गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई। जल पुलिस की मदद से शव को कनखल क्षेत्र से बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की वैधानिक जांच की जा रही है।”
Exit mobile version