हिमालय प्रहरी

कांवड़ियों की सेवा में बाली का शंखनाद—पथ प्रकाश की व्यवस्था के बाद हरिद्वार जाने वाले शिवभक्तों के लिए फ्री बस सेवा, आज दिखाएंगे हरी झंडी

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर शिवभक्ति के रंग में रंगे शिवभक्तों के लिए एक राहत भरी खबर है। हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाकर भोलेनाथ का जलाभिषेक करने वाले कांवड़ियों के लिए निःशुल्क बस सेवा का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया गया है। यह सेवा महापौर दीपक बाली की ओर से शिवभक्तों को दी गई एक और श्रद्धा-पूर्ण सौगात मानी जा रही है।

 

इससे पूर्व महापौर दीपक बाली ने कांवड़ियों के पथ पर प्रकाश की सेवा देकर अंधेरी राहों को उजास से भर दिया, ताकि भोलेनाथ के भक्त सुरक्षित और श्रद्धा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें। अब उसी सेवा-संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने वाले शिवभक्तों के लिए निःशुल्क बसों की व्यवस्था की गई है।

हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कांवड़ियों की सेवा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुफ्त बसों का संचालन किया जाएगा। हरिद्वार को जाने वाली ये बसें रामलीला ग्राउंड से रवाना होंगी, जिन्हें महापौर दीपक बाली आज स्वयं हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुभ शुरुआत करेंगे।
कांवड़ियों के लिए निःशुल्क बस सेवा का उद्देश्य शिवभक्तों की यात्रा को सुरक्षित, सहज और सुविधाजनक बनाना है, ताकि वे पूरी श्रद्धा और शांति के साथ भगवान शिव के दर्शन व जलाभिषेक कर सकें। इस पहल से कांवड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
जो भी शिवभक्त इस सेवा का लाभ लेना चाहते हैं, वे नगर निगम कार्यालय में महापौर प्रतिनिधि समरपाल चौधरी से संपर्क कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। पंजीकरण के बाद श्रद्धालुओं को निर्धारित समय पर बस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिव-सेवा है। महाशिवरात्रि पर्व पर कांवड़ियों के लिए की गई यह व्यवस्था आस्था, सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक बनकर सामने आई है।

Exit mobile version