
राजू अनेजा,काशीपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए अब महापौर दीपक बाली पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। वार्ड नंबर 19 स्थित नगर निगम के पीछे मदान बिस्कुट वाली गली के तिराहे पर लगातार लोगों द्वारा कूड़ा फेंके जाने से क्षेत्र की स्वच्छता पर बदनुमा दाग लग रहा था। बार-बार चेतावनी और अपील के बावजूद लोग अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहे थे, जिसके चलते वहां कूड़े के ढेर लगने लगे थे और आवारा पशुओं का जमावड़ा भी आम बात बन गया था।
नगर निगम द्वारा पहले भी कूड़ा फेंकने वालों पर कड़े जुर्माने की घोषणा की गई थी, लेकिन उसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हो रहा था। ऐसे में महापौर दीपक बाली ने अनोखे अंदाज में इसका समाधान निकाला। उन्होंने उक्त स्थान पर स्वच्छता जागरूकता का बड़ा बोर्ड लगवाया, जिस पर स्लोगन लिखा गया —
“कचरा ना फेंके इधर-उधर, यह शहर भी है आपका घर।”
महापौर की इस पहल को क्षेत्रवासियों द्वारा सराहा जा रहा है। यही नहीं, अब नगर निगम उस स्थान पर तीसरी नजर के रूप में सीसीटीवी कैमरा लगाने की तैयारी भी कर रहा है। साफ चेतावनी दी गई है कि यदि कोई व्यक्ति वहां कूड़ा फेंकता हुआ कैमरे में कैद हुआ तो उसका कूड़ा उसके घर तक भिजवाया जाएगा और उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है और इसमें जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि शहर को अपना घर समझते हुए स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें