नैनीताल। जनपद नैनीताल में कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से आ रहे पर्यटकों की एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने रात के अंधेरे में दुर्गम पहाड़ी पर जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
रात के अंधेरे में दुर्गम खाई में उतरकर एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात नैनीताल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि कैंची धाम के पास निगलाट में एक कार (संख्या UP 25 EJ 4586) गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
हादसा स्थल बेहद दुर्गम और खड़ी ढलान वाला था, जिससे रात के घुप अंधेरे में बचाव कार्य करना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था। इसके बावजूद एसडीआरएफ के जवानों ने अपनी जान पर खेलकर खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। नीचे पहुंचने पर पता चला कि क्षतिग्रस्त कार में पांच लोग सवार थे। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को कार से बाहर निकाला और स्ट्रेचर व रस्सियों की मदद से ऊपर मुख्य सड़क तक पहुंचाया।
अस्पताल में चालक को किया मृत घोषित, घायलों का उपचार जारी
सड़क तक लाने के बाद सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भवाली ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच-पड़ताल के बाद कार चालक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चार युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उनका उपचार शुरू किया गया। एसडीआरएफ के उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
मृतक एवं घायलों का विवरण
मृतक:
-
अनुज तिवारी (उम्र 29 वर्ष, वाहन चालक) – पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली।
घायल:
-
सनी (उम्र 23 वर्ष) – पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली।
-
रवि – पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली।
-
संचित – पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली।
-
संदीप शर्मा – पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली।