हिमालय प्रहरी

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष 4 हथियारबंद बाउंसरों संग हिरासत में, यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग का लगा आरोप

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी (नैनीताल): नैनीताल पुलिस ने यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के एक बड़े हाई-प्रोफाइल रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे को हिरासत में ले लिया है। मंगलवार सुबह तल्लीताल पुलिस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए आरोपी अध्यक्ष और उसके साथ साए की तरह रहने वाले चार काले कपड़े पहने हथियारबंद बाउंसरों को दबोच लिया। आरोपी पर शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और एक संगठित ब्लैकमेलिंग नेटवर्क चलाने का गंभीर आरोप है।

युवतियों को आगे कर बनाता था अश्लील वीडियो

नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मंजूनाथ टीसी ने मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि एक युवती ने तल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ शारीरिक, आर्थिक और मानसिक उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस जांच और स्थानीय इनपुट से यह बात सामने आई है कि नरेश पांडे एक शातिर रैकेट चला रहा था। वह कुछ महिलाओं और युवतियों को जाल में फंसाकर उन्हें आगे करता था, फिर अन्य पुरुषों व लड़कों से उनके संबंध बनवाकर गुपचुप तरीके से वीडियो तैयार कर लेता था। इसके बाद वह उन लड़कों और उनके परिवारों को बदनाम करने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलता था।

समाज में भय फैलाने वाले तथाकथित बाउंसर भी दबोचे

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के साथ मौजूद चार तथाकथित बाउंसरों को भी हिरासत में लिया है, जो अवैध रूप से हथियार लेकर चलते थे। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया:

“जांच की जा रही है कि इन बाउंसरों के पास पीएसओ (PSO) या सिक्योरिटी गार्ड का वैध लाइसेंस है या नहीं। समाज में अवैध शस्त्र लेकर भय और आतंक का माहौल पैदा करने के आरोप में इन सभी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

संगठित नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद पुलिस अब इस पूरे ब्लैकमेलिंग रैकेट की गहराई से तफ्तीश कर रही है। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि इस घिनौने खेल में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोग इस गैंग का शिकार बन चुके हैं। एसएसपी ने साफ किया है कि जांच में जिस किसी की भी संलिप्तता पाई जाएगी, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version