हिमालय प्रहरी

नैनीताल के खुर्पाताल में फिर बड़ा हादसा: 100 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की XUV, 5 घायल; 2 गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें -

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल एक बार फिर भीषण सड़क हादसे से दहल उठा। शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह कालाढूंगी मार्ग पर खुर्पाताल के समीप पर्यटकों का एक XUV वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में यूपी और राजस्थान के पांच पर्यटक सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और दमकल विभाग की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पहाड़ी से टकराकर सीधे खाई में जा समाई तेज रफ्तार गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी शिवेंद्र श्रीवास्तव (25) अपने एक्सयूवी वाहन (संख्या- GJ-18-BK-9777) से दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आ रहे थे। वाहन में उनकी बहन निधि श्रीवास्तव (22), दोस्त लिवांशु (20, राजस्थान), ऐश्वर्या (21, जयपुर) और पिंकी गुप्ता (21, कानपुर) सवार थे। शनिवार सुबह खुर्पाताल से कुछ ऊपर पहुँचते ही चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित वाहन पहले पहाड़ी की तरफ दीवार से टकराया और फिर असंतुलित होकर सड़क की दूसरी ओर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और SDRF का रेस्क्यू; 2 की हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
हादसा देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मल्लीताल कोतवाली पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुँचकर तुरंत खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी 5 घायलों को खाई से बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद शिवेंद्र और पिंकी गुप्ता की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र रावत ने बताया कि अन्य तीन घायलों का उपचार जारी है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Exit mobile version