रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा पर अपने परिवार के साथ आए एक मासूम बच्चे की जान पर उस वक्त आफत बन आई, जब रविवार (27 सितंबर 2026) की शाम पैदल मार्ग पर चीरबासा के समीप अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर गिर पड़े। दर्दनाक हादसे में एटा (उत्तर प्रदेश) निवासी रोहताश यादव के 5 वर्षीय मासूम पुत्र यश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मार्ग पर तैनात रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे के शव को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर (जंगलचट्टी) पहुंचाया। वहीं, लैंडस्लाइड के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से फंसे करीब 1100 श्रद्धालुओं को टीमों ने सुरक्षित स्थानों पर निकाला।
चीरबासा में भूस्खलन से ठप हुआ पैदल रूट, रेस्क्यू टीम का राहत अभियान जारी
पुलिस कंट्रोल रूम को शाम करीब 4:39 बजे चीरबासा क्षेत्र में लैंडस्लाइड और पहाड़ी से पत्थर गिरने की सूचना मिली थी। लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन और बोल्डर गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एसडीआरएफ, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमों ने तत्काल संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्रभावित क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और शेष बचे यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का प्रयास जारी है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।