देहरादून। उत्तराखंड पुलिस विभाग में एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल के तहत मुख्यालय स्तर पर कानून व्यवस्था की कमान में बड़ा बदलाव किया गया है। शासन द्वारा जारी ताजा आदेश के अनुसार, कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी देख रहीं वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रिद्धिम अग्रवाल से यह महत्वपूर्ण दायित्व वापस ले लिया गया है। गृह सचिव शैलेश बगौली की ओर से जारी आदेश के तहत अब प्रदेश में कानून व्यवस्था की कमान आईपीएस नीलेश आनंद भरणे को सौंपी गई है। रिद्धिम अग्रवाल के पास वर्तमान में केवल सीसीएमटीएस (CCTNS) और एससीआरबी (SCRB) का प्रभार ही शेष रह गया है।
ब्यूरोक्रेसी में चर्चाएं तेज; आईपीएस भरणे के पास आईं कई अहम जिम्मेदारियां
पुलिस महकमे और शासन स्तर पर केवल एक अधिकारी से ही महत्वपूर्ण प्रभार वापस लिए जाने और उन्हें अन्य नई जिम्मेदारी न दिए जाने को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। गौरतलब है कि रिद्धिम अग्रवाल इससे पूर्व आईजी कुमाऊं और गृह विभाग में विशेष सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर, नए कानून व्यवस्था प्रमुख आईपीएस नीलेश आनंद भरणे के पास पहले से ही एसटीएफ (STF), साइबर, एएनटीएफ (ANTF) और निदेशक एफएसएल (FSL) जैसे कई अहम प्रभार मौजूद हैं। अब कानून व्यवस्था का प्रभार जुड़ जाने से पुलिस मुख्यालय में उनके कार्यक्षेत्र का दायरा और अधिक विस्तृत हो गया है।