राजू अनेजा,रुद्रपुर। गूगल पर फ्लिपकार्ट कस्टमर केयर नंबर खोजना मेट्रोपोलिस सिटी निवासी एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। फर्जी नंबर पर कॉल करना और व्हाट्सएप लिंक पर क्लिक करना सीधे खाते से 98 हजार रुपये उड़ने की वजह बन गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी को उन्होंने फ्लिपकार्ट से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिला नंबर डायल करने पर कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को फ्लिपकार्ट का कर्मचारी बताया। भरोसा दिलाते हुए उसने समस्या समाधान के नाम पर पीड़ित के व्हाट्सएप नंबर पर एक लिंक भेज दिया।
जैसे ही पीड़ित ने लिंक पर क्लिक किया, मोबाइल में संदिग्ध गतिविधि शुरू हो गई और कुछ ही देर में बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकल गए। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तत्काल बैंक से संपर्क किया और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गूगल पर दिखने वाले कस्टमर केयर नंबरों पर आंख बंद कर भरोसा न करें और किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले सतर्क रहें।