हिमालय प्रहरी

लालकुआं: दीपावली से पहले दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात; बिंदुखत्ता की 6 समितियों में वितरित हुआ 32 लाख रुपये का बोनस

खबर शेयर करें -
लालकुआं (नैनीताल)। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने दीपावली के त्योहार से ठीक पहले दुग्ध उत्पादकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। दुग्ध संघ की ओर से बिंदुखत्ता क्षेत्र की छह प्राथमिक दुग्ध समितियों के उत्पादकों को कुल 32 लाख रुपये के बोनस का वितरण किया गया। लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के दुग्ध उपार्जन पर दिए गए इस बोनस वितरण से दुग्ध उत्पादकों और उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक महिलाओं व स्थानीय ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उत्पादकों ने दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण कर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर भावुक स्वागत किया।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं दुग्ध उत्पादक: मुकेश बोरा

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य और लाभांश दिलाना, उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना और सहकारिता के माध्यम से डेयरी व्यवसाय को नई ऊंचाइयों पर ले जाना संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इसमें हमारी मातृशक्ति (महिलाओं) का योगदान अत्यंत सराहनीय है। उनके परिश्रम और निष्ठा से ही यह व्यवसाय निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
श्री बोरा ने आगे कहा कि त्योहार से ठीक पहले बोनस का वितरण उत्पादकों की दिन-रात की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में भागीदार बनने का एक विनम्र प्रयास है। उन्होंने सभी पशुपालकों व उत्पादकों से सहकारी समितियों को और अधिक मजबूत बनाने तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बिंदुखत्ता की 6 समितियों के उत्पादकों को मिला लाभ

कार्यक्रम के दौरान बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों से जुड़े सैकड़ों उत्पादकों को बोनस की राशि सौंपी गई। त्योहार के मौके पर बोनस मिलने से प्रसन्न उत्पादकों ने दुग्ध संघ के इस कल्याणकारी कदम की भूरि-भूरि सराहना की।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम का कुशल संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा एवं मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, अध्यक्ष निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी सहित दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा, मोहन चंद्र जोशी तथा भारी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व दुग्ध उत्पादक उपस्थित रहे।
Exit mobile version