हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड में युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी: दिसंबर से पहले 2477 पदों पर शुरू होगी नई भर्ती, 1470 पदों की लिखित परीक्षा भी होगी आयोजित

खबर शेयर करें -

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले धामी सरकार रोजगार के मोर्चे पर बड़ा कदम उठाने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों में 2477 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इसके साथ ही पूर्व में आवेदन प्राप्त 1470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस प्रकार वर्ष के अंत तक राज्य में करीब चार हजार सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया अपने निर्णायक चरण में पहुंच जाएगी, जिससे प्रदेश के हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा।
स्केलर, पुलिस और कनिष्ठ सहायक समेत इन पदों पर निकलेंगी भर्तियां
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष जी.एस. मर्तोलिया ने बताया कि दिसंबर से पहले 2477 नए पदों के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इनमें स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग के पद, पुलिस, आबकारी व परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी (ADO) सहित कई अन्य श्रेणियां शामिल हैं। इसके अलावा, जिन 1470 पदों के लिए पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है—जिनमें पशुधन प्रसार अधिकारी, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तरीय व स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं—उनकी परीक्षाएं भी समयबद्ध तरीके से कराई जाएंगी।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को रोजगार सरकार की प्राथमिकता: सीएम धामी
प्रदेश सरकार भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता को अपनी प्रमुख उपलब्धि बता रही है। सरकार का दावा है कि कड़े नकल विरोधी कानून के लागू होने के बाद से भर्ती प्रक्रियाएं न केवल पारदर्शी हुई हैं बल्कि आवेदन से नियुक्ति तक का समय भी काफी कम हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार पहले दिन से ही बेरोजगारी खत्म करने के लिए अभियान चलाकर रिक्त पदों को भर रही है और बीते साढ़े चार वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। आने वाले महीनों में भी हजारों पदों पर भर्तियां जारी रहेंगी ताकि योग्य युवाओं को अवसर मिले और राज्य के विकास को गति मिल सके।
Exit mobile version