हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड चुनाव से पहले कांग्रेस की बड़ी सियासी घेराबंदी; 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से शुरू होगी ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’

खबर शेयर करें -
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (बीभाजपा) सरकार को घेरने के लिए अपनी कमर कस ली है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस पार्टी आगामी 22 अक्टूबर से प्रदेश के चारों कोनों से भव्य ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ का शुभारंभ करने जा रही है। यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कांग्रेस के दिग्गज नेता विभिन्न क्षेत्रों में मोर्चा संभालेंगे।

न्याय यात्रा के चारों दलों का रूट और कार्यक्रम:

  • पहला दल (कुमाऊं क्षेत्र): यात्रा का पहला दल 22 अक्टूबर को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पश्चिम बंगाल प्रभारी प्रकाश जोशी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और विधायक तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में अल्मोड़ा के प्रसिद्ध गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ शुरू होगा।
यह यात्रा रानीखेत, खैरना, भवाली, भीमताल होते हुए हल्द्वानी पहुंचेगी। इसके बाद 23 अक्टूबर को लालकुआं, किच्छा, सितारगंज, नानकमत्ता और खटीमा से होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगी। 24 अक्टूबर को रुद्रपुर से बाजपुर, काशीपुर होते हुए जसपुर पहुंचेगी और 25 अक्टूबर को हल्द्वानी में एक पत्रकार वार्ता के साथ इस चरण का समापन होगा।
  • दूसरा दल (चमोली-गढ़वाल क्षेत्र): पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और अन्य विधायकों के नेतृत्व में दूसरा दल 22 अक्टूबर को बदरीनाथ धाम में पूजा-अर्चना के बाद जोशीमठ, पिपलकोटी होते हुए चमोली पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, गोचर होते हुए यह दल रुद्रप्रयाग पहुंचेगा।
इसके बाद 24 अक्टूबर को चौबट्टाखाल के सतपुली, यमकेश्वर और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा निकलेगी। 25 अक्टूबर को लैंसडाउन के बीरोंखाल में आयोजन होगा, जबकि 26 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा घेराव की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी।
  • तीसरा दल (देहरादून-मसूरी क्षेत्र): चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में तीसरा दल 22 अक्टूबर को देहरादून के टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन के बाद राजपुर और मसूरी विधानसभा क्षेत्र पहुंचेगा। 23 अक्टूबर को सहसपुर और विकासनगर में यात्रा का आयोजन होगा।
चौथे दिन यानी 24 अक्टूबर को चकराता विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। 25 अक्टूबर को कैंट और धर्मपुर विधानसभा में न्याय यात्रा निकाली जाएगी, तथा 26 अक्टूबर को ऋषिकेश में यात्रा के बाद प्रीतम सिंह 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा सत्र में भाग लेंगे।
  • चौथा दल (हरिद्वार क्षेत्र): चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत के नेतृत्व में चौथा दल 23 अक्टूबर को हरिद्वार शहर पहुंचेगा। यह यात्रा हरिद्वार जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए आगामी 30 अक्टूबर को लक्सर और ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्रों में जाकर संपन्न होगी।
कांग्रेस प्रदेश मीडिया अध्यक्ष राजीव महर्षि ने जानकारी दी है कि गैरसैंण में होने वाले विधानसभा घेराव कार्यक्रम के बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी न्याय यात्रा का आयोजन किया जाएगा, और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी सुविधा के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
Exit mobile version