हिमालय प्रहरी

8 अगस्त को हल्द्वानी में कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन: खरगे की महारैली को लेकर तैयारियां तेज, प्रमोद कलोनी ने बताया ऐतिहासिक मोड़

खबर शेयर करें -

लालकुआं/हल्द्वानी। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में आगामी 8 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रस्तावित महारैली को लेकर कुमाऊं क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। तैयारियों को लेकर वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद कलोनी ने बयान जारी करते हुए इस जनसभा को उत्तराखंड की राजनीति के लिए एक ऐतिहासिक मोड़ करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि 8 अगस्त को रामलीला मैदान में उमड़ने वाला जनसैलाब भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, कमरतोड़ महंगाई और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ जनता के आक्रोश को दर्शाएगा।
युवाओं, महिला सुरक्षा और अग्निवीर योजना के मुद्दे पर सरकार को घेरेगी कांग्रेस
वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद कलोनी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के कुशल नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत से तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का आगमन देवभूमि के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और संकल्प का संचार करेगा। इस मंच से कांग्रेस पार्टी युवाओं के रोजगार, भर्ती घोटालों, अंकिता भंडारी को न्याय और महिला सुरक्षा के साथ-साथ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाली ‘अग्निवीर योजना’ जैसे प्रमुख ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को मजबूती से घेरेगी।
लालकुआं से रिकॉर्ड संख्या में कार्यकर्ता करेंगे हल्द्वानी कूच
प्रमोद कलोनी ने बताया कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के हर बूथ स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 8 अगस्त को लालकुआं समेत पूरे कुमाऊं क्षेत्र के कोने-कोने से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और आम जनता गाजे-बाजे के साथ हल्द्वानी पहुंचेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह महारैली केवल एक जनसभा तक सीमित न रहकर भाजपा के कुशासन के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी और कुमाऊं के इतिहास में सबसे बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन साबित होगी।
Exit mobile version