
बिंदुखत्ता। उत्तराखंड के बिंदुखत्ता क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी संगठन से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के बूथ संख्या 71 के अध्यक्ष गोकुलानन्द जोशी ने अपनी निजी समस्याओं और परिस्थितियों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया है कि पद छोड़ने के बावजूद उनका राजनीतिक जुड़ाव और क्षेत्र में जनसेवा का कार्य पहले की तरह निरंतर जारी रहेगा।
निजी परिस्थितियों के चलते लिया गया निर्णय— गोकुलानन्द जोशी
पद से त्यागपत्र देने के बाद गोकुलानन्द जोशी ने कहा कि यह निर्णय उनके लिए भावनात्मक रूप से काफी कठिन रहा है, लेकिन वर्तमान पारिवारिक व व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल किसी पद पर रहकर कार्य करना नहीं है, बल्कि एक सच्चे जनसेवक के रूप में हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहना है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में परिस्थितियां अनुकूल होने पर यदि संगठन उन्हें पुनः किसी जिम्मेदारी के योग्य समझेगा, तो वे पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार रहेंगे।
वरिष्ठ पदाधिकारियों और संगठन का जताया आभार
इस अवसर पर गोकुलानन्द जोशी ने वर्तमान मंडल अध्यक्ष नवीन पपोला, क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट तथा भाजपा संगठन के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताते हुए बूथ अध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी थी, उसके लिए वे सदैव आभारी रहेंगे।
उन्होंने दोहराया कि उनका इस्तीफा पूरी तरह से निजी कारणों से लिया गया है और वे पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के साथ पूरी मजबूती से जुड़े रहेंगे तथा संगठन को जब भी आवश्यकता होगी, अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें