
राजू अनेजा, लालकुआं।बिंदुखत्ता को राजस्व गांव का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से अपने अस्तित्व और भूमि के अधिकार की लड़ाई लड़ रहे बिंदुखत्ता के हजारों परिवारों के लिए धामी कैबिनेट का फैसला उम्मीद की नई किरण लेकर आया है। कैबिनेट ने बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की दिशा में भूमि को अनारक्षित किए जाने के प्रस्ताव पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है। लेकिन कहानी का असली मोड़ अभी बाकी है। अब यह मामला केंद्र सरकार की मंजूरी पर निर्भर है।
सवाल यह है कि वर्षों से सरकारी दफ्तरों की फाइलों में उलझा बिंदुखत्ता का भविष्य अब चुनावी माहौल में ही इतनी तेजी से चर्चा में क्यों आया है? क्या यह वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में निर्णायक कदम है या फिर चुनाव से पहले जनता की उम्मीदों को नई तारीख देने की कवायद?
कैबिनेट ने दिखाई हरी झंडी, लेकिन दिल्ली की मुहर बाकी
धामी कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति के बाद बिंदुखत्ता के लोगों की निगाहें अब दिल्ली की ओर टिक गई हैं। राज्य सरकार के स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ी है, लेकिन केंद्र की मंजूरी और जरूरी औपचारिकताएं पूरी हुए बिना राजस्व गांव का दर्जा मिलना संभव नहीं है। यानी अभी जश्न मनाने से ज्यादा इंतजार करने की नौबत है।
वर्षों का संघर्ष, अब फैसले की घड़ी का इंतजार
बिंदुखत्ता के लोगों की मांग कोई आज की नहीं है। यहां के परिवार लंबे समय से राजस्व गांव का दर्जा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस मांग के पीछे केवल सरकारी दर्जे का सवाल नहीं, बल्कि जमीन से जुड़े अधिकार, सरकारी योजनाओं का लाभ, विकास कार्यों की स्पष्ट व्यवस्था और भविष्य की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे हैं। पीढ़ियां गुजर गईं, लेकिन स्थायी समाधान की प्रतीक्षा खत्म नहीं हुई।
पहले भी हुए वादे, घोषणाएं और आंदोलन, फिर क्यों अधर में रहा मामला?
बिंदुखत्ता का इतिहास देखें तो यह मुद्दा किसी एक सरकार या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रहा। वर्ष 2004 में भी केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया था। वर्ष 2007-08 में वन विभाग ने नियमितीकरण का प्रस्ताव भेजा, जिसे वर्ष 2014 में केंद्र ने अस्वीकार कर दिया था। इसके बाद भी अलग-अलग सरकारों के कार्यकाल में राजस्व गांव बनाने की घोषणाएं होती रहीं, लेकिन धरातल पर स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी 20 फरवरी 2024 को बिंदुखत्ता को राजस्व गांव बनाने की घोषणा की थी। अब नवंबर 2026 में कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति के बाद एक बार फिर उम्मीद जगी है।
चुनावी मौसम में फैसला या वर्षों पुरानी मांग पर वास्तविक पहल?
इस फैसले के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बिंदुखत्ता जैसे बड़े क्षेत्र की दशकों पुरानी मांग पर कैबिनेट की सहमति को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्ता पक्ष इसे अपनी सरकार की पहल बता रहा है, वहीं विपक्ष और आंदोलन से जुड़े लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब पहले भी घोषणाएं हुईं तो अबकी बार परिणाम की गारंटी क्या है?
वन अधिकार संगठन के अध्यक्ष उमेश भट्ट ने सरकार की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वन अधिकार अधिनियम के तहत भी रास्ता तलाशा जा सकता था। वहीं भाकपा माले के जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडे ने इसे चुनावी मौसम में जनता को आश्वासन देने की कवायद बताया है। दूसरी ओर कुछ स्थानीय लोगों ने इसे राजस्व गांव की दिशा में सकारात्मक पहल माना है।
चार क्षेत्रों को लेकर एक साथ आगे बढ़ी सरकार
यह पहल केवल बिंदुखत्ता तक सीमित नहीं है। कैबिनेट ने बिंदुखत्ता के साथ ऋषिकेश के बापूग्राम, ऊधमसिंह नगर के बग्गा चौवन और अंजनी (बिनसर) क्षेत्र की वन भूमि को अनारक्षित करने के प्रस्ताव पर भी सैद्धांतिक सहमति दी है। अब वन विभाग केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजेगा। केंद्र की मंजूरी मिलने के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया और राजस्व गांव बनाने की कार्रवाई का रास्ता खुलेगा।
अब बिंदुखत्ता को तारीख नहीं, अधिकार चाहिए!
बिंदुखत्ता की जनता ने लंबे समय तक इंतजार किया है। आंदोलन हुए, ज्ञापन दिए गए, सरकारों से गुहार लगाई गई और नेताओं ने आश्वासन भी दिए। ऐसे में अब क्षेत्रवासियों की अपेक्षा केवल कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति तक सीमित नहीं है। उन्हें अपनी जमीन की कानूनी पहचान और स्थायी समाधान चाहिए।
धामी सरकार के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती इस प्रस्ताव को केंद्र से मंजूरी दिलाकर आगे की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की है। क्योंकि राजनीतिक मंचों से घोषणाएं करना और दशकों से इंतजार कर रही जनता को उसका अधिकार दिलाना दो अलग-अलग बातें हैं।
सियासी सवाल यही है कि क्या बिंदुखत्ता के लोगों को विधानसभा चुनाव से पहले राजस्व गांव का वास्तविक तोहफा मिलेगा या फिर दिल्ली की फाइलों में एक और उम्मीद दर्ज होकर रह जाएगी?
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें