
हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के कनखल कोतवाली क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर की गई एक टिप्पणी को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि मामला सीधे कोतवाली तक जा पहुंचा। आरोप है कि कांग्रेस नेता वरुण बालियान अपने समर्थकों के साथ आरके मिशन रोड स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में घुस गए और दुकानदार, उसकी पत्नी तथा बेटे के साथ लोहे के पाइप व रॉड से बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित की शिकायत पर कनखल पुलिस ने कांग्रेस नेता और उनके साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक टिप्पणी से शुरू हुआ था पूरा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरके मिशन रोड निवासी कृष्ण नारायण सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह 18 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे अपनी हार्डवेयर की दुकान पर कार्य कर रहे थे। कुछ समय पहले गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में शिक्षेत्तर कर्मचारियों के संघ का धरना चल रहा था, जिसे समर्थन देने के लिए कांग्रेस नेता वरुण बालियान भी पहुंचे थे। इस दौरान कृष्ण नारायण सिंह ने सोशल मीडिया पर इस संबंध में एक टिप्पणी कर दी थी, जिससे कांग्रेस नेता और उनके समर्थक खासे नाराज चल रहे थे। हालांकि, विवाद बढ़ने पर पीड़ित ने धरने के दौरान ही सार्वजनिक रूप से माफी भी मांग ली थी।
दुकान में घुसकर लोहे के पाइप और रॉड से हमला
शिकायत के मुताबिक, माफी मांगने के बावजूद रविवार को कांग्रेस नेता वरुण बालियान, हिमांशु राजपूत, दिव्यांश अग्रवाल, विवेक भूषण, राहुल चौधरी और राहुल शर्मा सहित 20 से 25 अज्ञात लोग अचानक कृष्ण नारायण सिंह की दुकान में घुस आए। आरोप है कि सभी हमलावरों के हाथ में लोहे के पाइप और रॉड थे, जिससे उन्होंने दुकानदार पर हमला बोल दिया।
जब बीच-बचाव करने के लिए उनकी पत्नी गीता रानी और बेटा भानु प्रताप आगे आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि आरोपियों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की, सारा सामान बिखेर दिया और जाते-जाते गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां भी दीं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार कनखल कोतवाली पहुंचा और पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई। कनखल कोतवाली प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर कांग्रेस नेता वरुण बालियान और उनके समर्थकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है।