हिमालय प्रहरी

संपत्ति विवाद को लेकर खूनी संघर्ष; खुखरी से ताबड़तोड़ वार कर युवक की हत्या, चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल

खबर शेयर करें -
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तल्ला अधोईवाला इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां संपत्ति और नानी की देखभाल को लेकर चले आ रहे पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की खुखरी से निर्मम हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। इस खौफनाक वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप और दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।

घर के अंदर खींचकर किया गया हमला, सिर और गर्दन पर बरती क्रूरता

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवक ने पुलिस को बताया कि मृतक गौरव और वह स्वयं पिछले लंबे समय से अपनी नानी की देखभाल कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार के अन्य सदस्यों से उनकी रंजिश चली आ रही थी। दिवाली के दिन गौरव मिठाई नहीं लेकर आया था, लेकिन आज शाम जब गौरव उससे मिलने पहुंचा, तो घात लगाए बैठे परिवार के कुछ लोगों ने उसे जबरन घर के अंदर खींचने की कोशिश की।
जब बीच-बचाव करने के लिए उसका चचेरा भाई वहां पहुंचा, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला बोल दिया। आरोप है कि चाचा और अन्य परिजनों ने क्रूरता की हदें पार करते हुए खुखरी से गौरव के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

लंबे समय से चल रहा था जमीन-मकान और देखभाल को लेकर विवाद

परिजनों का आरोप है कि परिवार में नानी की देखभाल करने तथा जमीन-मकान जैसी अचल संपत्ति को लेकर काफी समय से अंदरखाने विवाद चल रहा था। चूंकि मृतक और घायल पक्ष लगातार नानी की सेवा कर रहा था, इसी से चिढ़कर विरोधी पक्ष रंजिश मान बैठा था।
घायल युवक ने यह भी दावा किया है कि इस पुराने विवाद को लेकर पहले भी स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन समय रहते पुलिस द्वारा ठोस कदम न उठाए जाने के कारण आज यह खूनी खेल सामने आ गया।

पुलिस का बयान और जांच कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए। साथ ही घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों और चश्मदीदों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के पीछे के पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचा जा सके। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं, जिन्हें जल्द ही पकड़ने का दावा किया गया है।
Exit mobile version