चंपावत। जनपद के स्वाला-टनकपुर मार्ग के समीप एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि कार सड़क से करीब 20 से 30 मीटर नीचे खाई में गिरकर एक पेड़ पर अटक गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से चार लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलकर सड़क तक पहुंच गए, जबकि एक व्यक्ति कार से छिटककर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मृतक की पहचान गोंडा निवासी युवक के रूप में, एसडीआरएफ ने शव निकाला बाहर
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट चंपावत से उप निरीक्षक प्रेम उपरारी के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और सर्च व रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम के जवानों ने दुर्गम व गहरी खाई में उतरकर युवक को बाहर निकाला और शव पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मृतक की पहचान अजीत कुशवाहा (पुत्र आनंद कुशवाहा), निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मोड़ और ढलान पर बिगड़ा संतुलन, चार घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सभी पांच लोग उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड की ओर यात्रा पर जा रहे थे। मार्ग पर अचानक आए मोड़ और ढलान के दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे कार खाई में जा गिरी। प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और ग्रामीणों ने भी बचाव कार्य में एसडीआरएफ टीम का सहयोग किया। हादसे में चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
जिले में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
उल्लेखनीय है कि चंपावत जिले में सड़क व भूस्खलन से जुड़े हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं। इससे पूर्व 7 सितंबर को बाराकोट-घाट-पनार मोटर मार्ग पर सड़क खुलने का इंतजार कर रही एक कार पर पहाड़ी से अचानक बोल्डर गिर गया था। उस घटना में कार के बाहर खड़े और भीतर बैठे युवकों में से एक की मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायल हुए थे, जिन्हें पुलिस व एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर बाहर निकाला था।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें