हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर: पुलिस कार्रवाई से बचाने के नाम पर डंपर स्वामी से वसूली; भाजपा नेता विकास सागर पर मुकदमा दर्ज

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर: उत्तराखंड में जीरो टॉलरेंस की नीति के दावों के बीच ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर से सत्ताधारी दल के एक पदाधिकारी द्वारा अवैध वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला महामंत्री विकास सागर पर एक डंपर स्वामी ने पुलिस और प्रशासनिक कार्रवाई से बचाने के नाम पर हर महीने हजारों रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी नेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

70 हजार रुपये प्रति माह वसूली का आरोप

ग्राम जाफरपुर निवासी पीड़ित राम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके दो डंपर रेता-बजरी ढुलाई का कार्य करते हैं। आरोप है कि इंदिरा कॉलोनी निवासी विकास सागर खुद को प्रभावशाली नेता बताकर पिछले कई महीनों से उससे लगभग 70 हजार रुपये प्रति माह की वसूली कर रहा था। आरोपी का दावा था कि यदि ओवरलोडिंग या दस्तावेजों की कमी के कारण डंपर पकड़े जाते हैं, तो वह अपने राजनीतिक रसूख से उन्हें छुड़वा देगा। पीड़ित ने डर के कारण नकद और ऑनलाइन माध्यम से यह रकम आरोपी को दी।

चालान होने पर खुली पोल, सबूत मिटाने के लिए मोबाइल लेकर फरार

मामले में मोड़ तब आया जब 14 अप्रैल 2026 को किच्छा रोड पर पुलिस ने राम सिंह के डंपर का 77,500 रुपये का चालान कर दिया। मदद मांगने पर आरोपी उसे सीओ सिटी कार्यालय ले गया और बाहर आकर मामला ‘सेट’ होने का झूठा दावा किया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद विकास सागर उसका मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया ताकि लेन-देन और बातचीत के सबूत मिटाए जा सकें।

राजनीतिक गलियारों में हलचल

शिकायतकर्ता ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विकास सागर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सत्ता पक्ष के नेता पर लगे इन आरोपों के बाद शहर के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

Exit mobile version