हिमालय प्रहरी

चंपावत हादसा, मृतकों में हल्दूचौड़ की दो चचेरी बहने भी शामिल, परिवारों में मचा कोहराम, क्षेत्र में शोक की लहर

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: चंपावत में बारात वापसी के दौरान मैक्स गिरने से हुए सड़क हादसे में 14 मृतकों में हल्दूचौड़ क्षेत्र की भी दो चचेरी बहने शामिल हैं। दोनों महिलाओं की मौत की खबर से जहां पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है, वही दोनों घरों में कोहराम मचा हुआ है।


हल्दुचौड़ के गोपीपुरम निवासी चचेरी बहने पूनम मटियाली एवं भगवती बोरा अपने भाई लक्ष्मण सिंह के बेटे मनोज की शादी समारोह में शामिल होने चंपावत गए हुए थे। शादी संपन्न होने के बाद यह सभी परिवार जन कथा के लिए मैक्स में जाकर अपने पैतृक गांव जा रहे थे। लेकिन मैक्स गहरी खाई में जा गिरी जिसके चलते मौके पर ही 14 परिजनों की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में शामिल हल्दुचौड़ क्षेत्र की दो महिलाओं की मौत हो जाने से पूरे क्षेत्रवासी स्तब्ध हैं। जैसे ही दोनों परिवारों को भगवती एवं पूनम के मौत का समाचार मिला तो घर में कोहराम मच गया। सभी सगे संबंधी आनन-फानन में चंपावत को आज सुबह ही रवाना हो गए। देर शाम तक भारी संख्या में गांव के लोग दोनों घरों में एकत्र हो गये।
गोपीपुरम निवासी 52 वर्षीय पूनम मटियाली के पति नारायण सिंह मटियाली वन विकास निगम से हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं, इनके दो बेटे और एक बेटी है। तीनों ही विवाहित की। इनके अलावा पूनम की चचेरी बहन ग्राम दौलिया डी क्लास निवासी भगवती बोहरा उम्र 45 वर्ष की भी इस दुर्घटना में मौत हो गई है। भगवती के पति होशियार सिंह बोहरा वन विकास निगम के लालकुआं डिपो में कार्यरत है। इनकी चार बेटियां और एक बेटा है, जिनमें दो बेटियों का विवाह हो चुका है, तथा दो बेटियां अभी अविवाहित हैं, और बेटा भी अविवाहित है। दोनों चचेरी बहनों की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दोनों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

क्षेत्र मे मचा कोहराम
लालकुआँ: गोपीपुरम क्षेत्र की ग्राम प्रधान रुकमणी नेगी का कहना है कि पूनम मटियाली मिलनसार महिला थी। गोपीपुरम के मुख्य द्वार के पास ही उनकी छोटी सी दुकान है, वह अक्सर उस दुकान में बैठती थी, तथा आने जाने वालों से हाल-चाल पूछा करती थी, रुक्मणी का कहना है कि उनकी पूनम से अक्सर मुलाकात होती रहती थी, वह सामाजिक एवं खुश मिजाज महिला थी, और पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती थी, पूनम की मौत से परिवार में तो कोहराम मचा ही है साथ ही पूरे गोपीपुरम क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ पड़ी है, आज शाम को गोपीपुरम क्षेत्र के लोगों ने अपने घर में चूल्हा भी नहीं जलाया है।
यह भी पढ़े 👉 चंपावत दुर्घटना : मां-बेटी को मौत बुलाकर ले गई थी टनकपुर
वही ग्राम दौलिया डी क्लास निवासी दूसरी मृतका भगवती बोरा के संबंध में वहां के ग्राम प्रधान हरीश बिरखानी बताते हैं कि भगवती पूरे गांव में सुलझी हुई महिला थी, इसी वजह से ग्रामीण भगवती का अत्यधिक सम्मान करते थे, उन्होंने कहा कि भगवती की असमयिक मृत्यु होने से ग्रामीण अत्यधिक दुखी हैं।

Exit mobile version