देहरादून/सीकर (22 अप्रैल 2026): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को व्यस्त कार्यक्रमों के बीच जहां पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेनि) के स्वास्थ्य की जानकारी ली, वहीं राजस्थान के सीकर पहुंचकर बाबा खाटू श्याम के दरबार में हाजिरी भी लगाई।
पूर्व मुख्यमंत्री खंडूड़ी की कुशलक्षेम जानी
मुख्यमंत्री धामी मंगलवार को देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल पहुँचे, जहाँ पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों की टीम से उनके स्वास्थ्य अपडेट के बारे में विस्तार से चर्चा की और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण भी वहां मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि खंडूड़ी जी का मार्गदर्शन और अनुभव प्रदेश के लिए अमूल्य है।
बाबा खाटू श्याम के चरणों में टेका मत्था
अस्पताल के दौरे के बाद मुख्यमंत्री धामी राजस्थान के सीकर जनपद स्थित प्रसिद्ध आस्था केंद्र बाबा खाटू श्याम मंदिर पहुँचे। उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन और पूजन कर बाबा श्याम का आशीर्वाद लिया।
दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री ने कहा:
“बाबा खाटू श्याम के श्रीचरणों में समस्त प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना की है। बाबा की कृपा से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और अटूट आस्था का संचार होता है। देवभूमि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे, यही मेरी प्रार्थना है।”
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
