हिमालय प्रहरी

राहुल गांधी पर बरसे सीएम धामी: बोले— ‘सनातन का अपमान और एनएसए डोभाल पर टिप्पणी से आहत है पूरा उत्तराखंड’

खबर शेयर करें -
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सनातन को गाली देना, देश की सेना के पराक्रम पर सवाल उठाना और राष्ट्रीय धरोहरों का अपमान करना कांग्रेस की राजनीति का हिस्सा बन चुका है। बद्रीनाथ में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल पर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर कड़ा ऐतराज जताते हुए सीएम धामी ने कहा कि अजीत डोभाल उत्तराखंड के गौरव हैं और उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सुरक्षा व सेवा में समर्पित किया है। उनके खिलाफ इस्तेमाल की गई निम्नस्तरीय भाषा से न केवल उत्तराखंड, बल्कि पूरे देश की भावनाएं आहत हुई हैं।
सैन्य बहुल प्रदेश की जनता लोकतांत्रिक तरीके से देगी जवाब, मातृशक्ति का अपमान करने का भी लगाया आरोप
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राहुल गांधी कभी विदेशों में जाकर देश की साख पर सवाल उठाते हैं तो कभी भारतीय सेना और जांबाज सैनिकों के शौर्य का अपमान करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्तराखंड एक सैन्य बहुल प्रदेश है, जहां का हर परिवार सेना से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रखता है; ऐसे में प्रदेश के सम्मान और सैनिकों की भावनाओं से खिलवाड़ का जवाब जनता आगामी समय में लोकतांत्रिक तरीके से देगी। इसके साथ ही सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी को लेकर की गई टिप्पणी का उल्लेख करते हुए कहा कि इस प्रकार के बयानों से मातृशक्ति अपमानित महसूस कर रही है और यह महिलाओं के प्रति कांग्रेस व राहुल गांधी की सोच व मानसिकता को पूरी तरह उजागर करता है।
Exit mobile version