हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी में कांग्रेस की ‘चुनावी परिक्रमा’: स्वराज आश्रम में दावेदारों का मेला; सोमेश्वर से डॉ. अजय पाल तो लालकुआं-कालाढूंगी से दिग्गजों ने ठोकी ताल

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी (28 अप्रैल 2026): उत्तराखंड में चुनावी बिगुल बजने से पहले ही कांग्रेस के भीतर टिकट को लेकर खींचतान तेज हो गई है। सोमवार को हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मैराथन बैठक की, जहाँ 100 से अधिक कार्यकर्ताओं और संभावित दावेदारों ने उनसे ‘वन टू वन’ मुलाकात कर अपनी दावेदारी पेश की।

एमबीबीएस डॉक्टर से लेकर पूर्व मंत्री तक कतार में

बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा ब्रज लाल अस्पताल के एमडी और आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. अजय पाल की रही। डॉ. पाल ने पूर्व विधायक ललित फर्सवांण के साथ गोदियाल से मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि वे सोमेश्वर विधानसभा से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

क्षेत्रवार प्रमुख दावेदार:

  • लालकुआं: पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल और हरेंद्र बोरा ने अपनी सक्रियता दिखाई।

  • कालाढूंगी: पूर्व जिला पंचायत सदस्य नीरज तिवारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख भोला भट्ट और संजय किरौला ने मजबूती से पक्ष रखा।

  • भीमताल: डॉ. केदार पलड़िया टिकट की रेस में नजर आए।

  • हल्द्वानी: ललित जोशी, खजान पांडे, मयंक भट्ट और जगमोहन बगड़वाल समेत कई नेताओं ने अपनी जमीनी पकड़ का हवाला दिया।

महिला शक्ति का प्रदर्शन

टिकट की इस दौड़ में महिला नेत्रियां भी पीछे नहीं रहीं। मीमांशा आर्या, नीमा भट्ट, मंजू पांडे, रत्ना श्रीवास्तव और जया कर्नाटक ने प्रदेश अध्यक्ष से मिलकर महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की मांग की और संगठन के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।

कुमारी शैलजा और हरीश रावत ने तैयार की जमीन

विदित हो कि 9 अप्रैल को प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने ‘लड़ेंगे भी, जीतेंगे भी’ का मंत्र देकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया था। वहीं, हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के हल्द्वानी दौरों ने पार्टी के भीतर चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है।

आज अंबेडकर पार्क में ‘महिला आरक्षण’ पर धरना

जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण को तत्काल लागू न करने के विरोध में आज (मंगलवार) को अंबेडकर पार्क में विशाल धरना दिया जाएगा।

  • मुख्य मांग: 33% महिला आरक्षण को आगामी चुनावों से ही प्रभावी बनाने की मांग।

  • उपस्थिति: प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित जिले के सभी वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे।

Exit mobile version