हिमालय प्रहरी

2027 के चुनावी रण के लिए कांग्रेस ने कसी कमर; कुमारी शैलजा बोलीं— ‘उत्तराखंड में अब बदलाव की बयार’

खबर शेयर करें -

चमोली: उत्तराखंड में साल 2027 की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ने लगा है। शनिवार को चमोली पहुंची कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनावी शंखनाद किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत जैसे दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में शैलजा ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया और दावा किया कि राज्य की जनता अब बदलाव के मूड में है।

कार्यकर्ताओं को एकजुटता का मंत्र

कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं को ‘गुटीय वर्चस्व’ से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि सत्ता में वापसी का जिम्मा किसी एक प्रत्याशी का नहीं बल्कि समर्पित कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि बड़े नेताओं को बयानबाजी में संयम बरतना चाहिए क्योंकि उनके आपसी गिले-शिकवों का सीधा असर कार्यकर्ताओं के मनोबल पर पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जमीन पर उतरकर जनता के बीच पैठ बनाएं और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर संघर्ष करें।

भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना

केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए शैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारी मशीनरी के दम पर लोकतंत्र को कुचल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जब संसद में देश के ज्वलंत सवाल उठाते हैं, तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा के शासन में क्षेत्रीय पार्टियों का अस्तित्व खत्म हो रहा है और अब कांग्रेस ही जनता की एकमात्र उम्मीद बची है। 2027 की चुनावी अग्निपरीक्षा को देखते हुए कांग्रेस प्रभारी का यह दौरा कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की दिशा में बेहद अहम माना जा रहा है।

Exit mobile version