
राजू अनेजा,काशीपुर। मनरेगा योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने और ग्रामीण रोजगार से खिलवाड़ के आरोपों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामसभा गुलरिया में विशाल धरना-प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने किया।
धरना स्थल पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए एआईसीसी सदस्य व प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा ने मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाए जाने को साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि कानून में संशोधन कर भाजपा सरकार रोजगार गारंटी योजना के अस्तित्व को खत्म करना चाहती है, जिसे कांग्रेस किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
ग्रामीण रोजगार की गारंटी कमजोर करने का आरोप
महानगर अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने मनरेगा की मांग आधारित प्रकृति को कमजोर कर दिया है, जिससे काम की गारंटी घटती जा रही है। इसका सीधा असर ग्रामीण मजदूरों की आजीविका पर पड़ेगा। कांग्रेस सड़क से सदन तक इस मुद्दे पर संघर्ष करेगी।
पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन ने मजदूरी के कार्यदिवस और रोजगार के अवसरों में कटौती पर नाराजगी जताते हुए कहा कि भाजपा सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है, जिसका जवाब जनता देगी।
मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इससे पहले बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता ग्रामसभा गुलरिया में एकत्रित हुए और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरना-प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की गारंटी खत्म करना मजदूरों के अधिकार छीनने जैसा है। महात्मा गांधी का अपमान देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
सभा का संचालन पूर्व प्रधान रियासत अली ने किया।
धरना स्थल पर नेताओं का स्वागत
धरना स्थल पर पहुंचने पर पूर्व प्रधान रियासत हुसैन ने एआईसीसी सदस्य अनुपम शर्मा, महानगर अध्यक्ष अलका पाल और पूर्व अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन का शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में पार्षद शाह आलम, हनीफ गुड्डू, राकेश भगत, पीसीसी सचिव जितेंद्र सरस्वती, अजीता शर्मा, मोहम्मद नूर, मोहम्मद आसिम, अली हुसैन, आबिद हुसैन, नरेंद्र सिंह, चंचल सिंह, मोहम्मद यूसुफ, खालिद हुसैन, मोहन कुमार, शोएब नंबरदार, नूर मोहम्मद, मोहम्मद नबी सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।