हिमालय प्रहरी

राज्य स्थापना दिवस पर कांग्रेस का बड़ा ऐलान: गणेश गोदियाल ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा— “सत्ता में आए तो गैरसैंण बनेगी स्थायी राजधानी”

खबर शेयर करें -
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर राज्य निर्माण आंदोलन के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान गणेश गोदियाल ने राज्य के मौजूदा हालातों और आंदोलनकारियों के अधूरे सपनों को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। साथ ही उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में यदि जनता का आशीर्वाद मिला और कांग्रेस सत्ता में आई, तो गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा।

“शहीदों की परिकल्पना के अनुरूप नहीं बन पाया उत्तराखंड”

शहीद स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि 24 वर्षों के सफर के बाद भी उत्तराखंड आज शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और आम जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप नहीं बन सका है।
उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ पृथक राज्य के लिए कड़ा संघर्ष किया था, उस मुकाम को हासिल करने के लिए केवल बयानों की नहीं, बल्कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति की आवश्यकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना पूरी तरह संभव है, लेकिन इसके लिए सही दिशा में काम करने की जरूरत है।

जनहित और राज्य के सम्मान पर सरकार को घेरा

गणेश गोदियाल ने राज्य की बुनियादी व्यवस्थाओं और नेताओं की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा:
“मैंने हमेशा इस बात को प्रमुखता से उठाया है कि गैरसैंण को स्थायी राजधानी का दर्जा देना, हर ग्राम सभा के स्तर पर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, और प्रदेश की शिक्षा व स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करना मुख्य प्राथमिकताएं होनी चाहिए। लेकिन दुर्भाग्यवश, नेताओं द्वारा राज्यहित को दरकिनार कर अपने व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए समझौते किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड के सम्मान और अस्मिता को गहरा ठेस पहुंची है।”

सरकार के कारनामों को उजागर करने के लिए हस्ताक्षर अभियान शुरू

प्रदेश सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए गोदियाल ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार अपने कुकर्मों और विफलताओं को छिपाने के लिए अनुचित तरीकों का सहारा ले रही है। ऐसे में मुख्य विपक्षी दल के रूप में कांग्रेस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह सरकार के कारनामों को घर-घर तक पहुंचाकर जनता को वास्तविक सच्चाई से अवगत कराए।
उन्होंने बताया कि इसी मकसद से कांग्रेस पार्टी ने प्रदेशव्यापी ‘हस्ताक्षर अभियान’ की शुरुआत की है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उन्होंने अपना संकल्प दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी शहीदों के सपनों का खुशहाल और विकसित उत्तराखंड बनाने के लिए कटिबद्ध है।
Exit mobile version