रुद्रप्रयाग/खटीमा। उत्तराखंड में आगामी राजनीतिक समीकरणों और जनसरोकारों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बदरीनाथ धाम और अल्मोड़ा के गोल्ज्यू दरबार से शुरू हुई कांग्रेस की ‘न्याय यात्रा’ शुक्रवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंची, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। यात्रा के दौरान कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, चंदा चोरी के आरोपों और बदरीनाथ धाम चढ़ावे से जुड़े मुद्दों पर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए।
रुद्रप्रयाग में गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन
बदरीनाथ धाम से शुरू हुई न्याय यात्रा शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग पहुंची। यहां विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश की जनता से जुड़े अहम सवालों और आस्था के केंद्रों से जुड़े प्रकरणों पर सरकार को जवाबदेही और पारदर्शिता तय करनी होगी।
उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग दोहराते हुए चंदा चोरी के आरोपों, दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के विषय तथा बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े प्रकरण पर सरकार को आड़े हाथों लिया। यात्रा में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
खटीमा पहुंची यात्रा: शहीदों को दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
उधर, अल्मोड़ा से शुरू हुई न्याय यात्रा शुक्रवार को सितारगंज और नानकमत्ता होते हुए खटीमा विधानसभा पहुंची। खटीमा पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को नमन कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत आयोजित कार्यक्रम में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और सीबीआई जांच की उठी मांग
खटीमा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, वोट चोरी और महिला सुरक्षा के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने ऐलान किया कि अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस आगामी 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव करेगी तथा 1 नवंबर को दिल्ली में विशाल महारैली का आयोजन किया जाएगा।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि राज्य में बेरोजगारी, भू-माफिया और शराब माफिया का बोलबाला है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड की हाईकोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में सीबीआई (CBI) जांच कराए जाने की मांग को पुनः प्रमुखता से उठाया।