हिमालय प्रहरी

काम पर जाने की बात को लेकर बढ़ा विवाद, नशेड़ी पति ने पाटल से वार कर पत्नी की हत्या की

खबर शेयर करें -

देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ मोहिनी रोड पर एक किराए के मकान में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पाटल (धारदार हथियार) से वार कर अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दस दिन पहले ही किराए पर लिया था कमरा, अयोध्या का रहने वाला है परिवार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रामजी लाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का निवासी है। वह करीब तीन महीने पहले काम की तलाश में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ देहरादून आया था। दोनों पति-पत्नी राजमिस्त्री का काम करते थे और करीब दस दिन पहले ही उन्होंने डालनवाला क्षेत्र के मोहिनी रोड पर एक कमरा किराए पर लिया था।
नशे की लत और काम पर न जाने को लेकर हुआ था विवाद
वारदात के पीछे की वजह बेहद मामूली और हैरान करने वाली है। परिजनों के अनुसार, रामजी लाल अत्यधिक नशे का आदी है। मंगलवार सुबह जब वह काम पर नहीं गया और नशे की हालत में था, तो पत्नी ने उसे काम पर जाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर रामजी लाल ने घर में रखे पाटल से पत्नी के गले पर सीधा वार कर दिया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आरोपी पति हिरासत में, फॉरेंसिक जांच जारी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला था, लेकिन पड़ोसियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे कुछ ही दूरी से हिरासत में ले लिया। मृतका की बहन सोनू पाल ने बताया कि पहले दोनों के बीच कोई बड़ा तनाव नहीं था, लेकिन आरोपी के नशे की लत ही इस त्रासदी का कारण बनी।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के साथ ही आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस की जांच रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Exit mobile version