हिमालय प्रहरी

पिथौरागढ़: एनएच पर घाट बैंड के पास भूस्खलन का खतरा, शाम 6 से सुबह 6 बजे तक यातायात पर लगा पूर्ण प्रतिबंध

खबर शेयर करें -
पिथौरागढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग पर घाट बैंड के समीप पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन और बोल्डर गिरने के कारण स्थिति बेहद संवेदनशील व खतरनाक बनी हुई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपजिलाधिकारी (सदर) जितेंद्र वर्मा ने बड़ा फैसला लेते हुए घाट बैंड के पास शाम 6:00 बजे से प्रातः 6:00 बजे तक वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया है। प्रशासन के अनुसार, इस क्षेत्र में लगातार पत्थरों का गिरना जारी है, जिससे रात्रि के समय सफर करना जानलेवा साबित हो सकता है। उपजिलाधिकारी ने यातायात पुलिस को शाम 6 बजते ही मार्ग पर आवाजाही को सख्ती से रोकने के निर्देश जारी किए हैं।
दिन में मलबा साफ कर निकाला जा रहा ट्रैफिक, प्रशासन ने की सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
प्रशासनिक आदेश के अनुसार यह नाइट बैन तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और स्थिति सामान्य होने तक जारी रहेगा। वहीं, दिन के समय यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए कार्यदायी संस्था की जेसीबी व अन्य भारी मशीनें मौके पर तैनात की गई हैं, जो मलबा गिरते ही उसे हटाकर वाहनों की आवाजाही करा रही हैं। जिला प्रशासन ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी सुरक्षा के लिए निर्धारित प्रतिबंधित समय के दौरान इस मार्ग पर यात्रा न करें और पुलिस व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।
Exit mobile version