हिमालय प्रहरी

लालकुआं:रेलवे स्टेशन टैक्सी स्टैंड पर कार में मिला चालक का शव, मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,लालकुआं। नगर के रेलवे स्टेशन स्थित टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक टैक्सी चालक का शव उसकी ही कार के अंदर मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में टैक्सी चालक व स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

काफी देर तक खड़ी रही टैक्सी, फिर लोगों को हुआ शक
चालक सीट पर बेसुध पड़ा मिला युवक

जानकारी के अनुसार बागेश्वर नंबर की टैक्सी संख्या UK02TA3059 गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन टैक्सी स्टैंड पर काफी देर से खड़ी थी। आसपास मौजूद लोगों ने जब लंबे समय तक वाहन में कोई हलचल नहीं देखी तो उन्हें संदेह हुआ। लोगों ने पास जाकर देखा तो चालक सीट पर एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा मिला।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।

 

पुलिस, 108 एंबुलेंस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची
जांच के बाद चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित किया

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

बागेश्वर निवासी था मृतक, हल्द्वानी में रहकर चलाता था टैक्सी
पीछे छोड़ गया दो बेटियां और एक बेटा

पुलिस जांच में मृतक की पहचान मदन राम (42) पुत्र निवासी ग्राम आरे, थाना एवं जिला बागेश्वर के रूप में हुई है। बताया गया कि वह वर्तमान में हल्द्वानी के दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहकर टैक्सी चलाता था।
मदन राम अपने पीछे दो बेटियां और एक पुत्र छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सीओ बोले- हर पहलू से की जा रही जांच

सीओ Amit Kumar ने बताया कि पुलिस को कार में एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version