हिमालय प्रहरी

घना कोहरा बना यातायात पर भारी, ट्रेनों के बाद रोडवेज बसें भी 2–3 घंटे लेट

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा | काशीपुर।दिन-प्रतिदिन बढ़ते घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को भी बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहले ही ट्रेनों की रफ्तार थम चुकी थी, अब कोहरे का असर रोडवेज बसों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। काशीपुर डिपो पहुंचने वाली लंबी दूरी की रोडवेज बसें दो से तीन घंटे की देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
माह के अंत में ठंड ने अचानक तीखा रूप ले लिया है। घने कोहरे के साथ चल रही सर्द हवाओं और बढ़ती ठिठुरन ने हालात और भी मुश्किल बना दिए हैं। सुबह और देर रात को सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो जा रही है। कई स्थानों पर दृश्यता मात्र पांच से दस मीटर तक सिमटने से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है।
काशीपुर रोडवेज डिपो से दिल्ली, गुरुग्राम, जयपुर, मुरादाबाद, बरेली, देहरादून और हरिद्वार के लिए नियमित बसों का संचालन किया जाता है। अकेले दिल्ली रूट पर ही 16 से अधिक बसें प्रतिदिन चलती हैं, लेकिन कोहरे के कारण इनकी गति काफी धीमी कर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर चालक बसों को नियंत्रित रफ्तार से चला रहे हैं, जिसका असर समय-सारिणी पर पड़ रहा है।
दिल्ली समेत अन्य बड़े शहरों से आने वाली बसें अब अपने निर्धारित समय से दो से तीन घंटे बाद काशीपुर डिपो पहुंच रही हैं। यात्रियों को बस अड्डों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं कई लोग वैकल्पिक साधनों की तलाश में भी नजर आ रहे हैं।
रोडवेज के फोरमैन मोहम्मद यामीन ने बताया कि बसों में आधुनिक ऑटोमेटिक हेडलाइट बल्ब लगाए गए हैं, जो मौसम के अनुसार स्वतः रोशनी की तीव्रता को नियंत्रित कर लेते हैं। इसके बावजूद घने कोहरे में दृश्यता बेहद कम रह जाती है, ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बसों की रफ्तार कम रखना जरूरी हो जाता है।
प्रशासन और रोडवेज विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व बसों की स्थिति की जानकारी अवश्य लें और अनावश्यक जल्दबाजी से बचें। कोहरे का यह दौर अभी जारी रहने की संभावना है, ऐसे में आने वाले दिनों में भी यातायात पर असर बना रह सकता

Exit mobile version